खेत में धान की रोपाई करते समय महिला मजदूर की दर्दनाक मौत
तामुलपुर (असम), 03 जुलाई (हि.स.)। तामुलपुर जिले के झारगांव में आज सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां खेत में धान की रोपाई करते समय अचानक आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला मजदूर (रोवनी) की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृत महिला की पहचान बोरलकुची गांव की मिनती ब्रह्म (48) के रूप में हुई है। आज सुबह अन्य कई महिला मजदूरों के साथ झारगांव में अपने कृषि खेत में वे बड़े उत्साह के साथ धान की रोपाई कर रही थीं। तभी अचानक आसमान में काले बादल छा गए और तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी। इस अचानक हुए वज्रपात की चपेट में आने से मिनती ब्रह्म ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हालांकि, गनीमत यह रही कि उनके साथ काम कर रही अन्य कई महिलाएं इस भयानक हादसे में बाल-बाल बच गईं। इस दर्दनाक घटना के बाद से वर्तमान में पूरे झारगांव और बोरलकुची इलाके में गहरा शोक छाया हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / असरार अंसारी

