home page

थुंकुरबारी गांव में महिला एवं बाल स्वास्थ्य शिविर आयोजित, डब्ल्यूआईपीएस बीजीआर की पहल

 | 
थुंकुरबारी गांव में महिला एवं बाल स्वास्थ्य शिविर आयोजित, डब्ल्यूआईपीएस बीजीआर की पहल


थुंकुरबारी गांव में महिला एवं बाल स्वास्थ्य शिविर आयोजित, डब्ल्यूआईपीएस बीजीआर की पहल


चिरांग (असम), 09 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के गिव टू गेन थीम के अंतर्गत फोरम फॉर वूमेन इन पब्लिक सेक्टर (डब्ल्यूआईपीएस) बंगाईगांव रिफाइनरी (बीजीआर) द्वारा सोमवार को चिरांग जिले के थुंकुरबारी गांव में एक विशेष निःशुल्क महिला एवं बाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बंगाईगांव रिफाइनरी अस्पताल तथा चिरांग जिला स्वास्थ्य प्राधिकरण के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

रिफाइनरी की डब्ल्यूपीएस बीजीआर पहल के तहत आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं और बच्चों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करना था। कार्यक्रम का उद्घाटन रिफाइनरी के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किया गया, जिसमें सामुदायिक सेवा के प्रति समर्पित चिकित्सकों की टीम भी उपस्थित रही।

इस अवसर पर जीएम (एचएसई एवं पीएसएम) रूपा ताइकाम ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए महिला सशक्तिकरण तथा आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं के समग्र स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति रिफाइनरी की प्रतिबद्धता को दोहराया।

कार्यक्रम के दौरान सीएम (एचएसई एवं मेडिकल) डॉ. रूपम तालुकदार ने एनीमिया विषय पर जागरूकता सत्र आयोजित किया। उन्होंने एनीमिया की रोकथाम, संतुलित एवं पोषक आहार के महत्व तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी।

दिनभर चले स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों लाभार्थियों की एनीमिया की जांच की गई तथा आवश्यक दवाइयां निःशुल्क वितरित की गईं। इस पहल के माध्यम से बंगाईगांव रिफाइनरी ने समुदाय के बीच स्वास्थ्य सेवाओं को सीधे पहुंचाते हुए अपनी ‘केयर’ की मूल भावना को साकार किया और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा