सदिया में विंगर ने चार राहगीरों को कुचला, तीन की हालत गंभीर
| Oct 23, 2026, 07:07 IST
सदिया (असम), 23 अक्टूबर (हि.स.)। असम के सदिया में डॉ. भूपेन हजारिका सेतु के पास गुरुवार की रात एक सड़क दुर्घटना के बाद तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। एक विंगर वाहन ने चार राहगीरों को टक्कर मार दी, जिससे चारों घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे से आक्रोशित लोगों ने दुर्घटना में शामिल विंगर वाहन में आग लगा दी।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घायलों की पहचान और दुर्घटना के कारणों के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है। पुलिस की कार्रवाई तथा घायलों की वर्तमान स्थिति के बारे में भी अभी अधिक जानकारी सामने नहीं आई है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

