जंगली हाथी के हमले में एक व्यक्ति की मौत
तामुलपुर (असम), 27 अक्टूबर (हि.स.)। तामुलपुर जिले के भारत-भूटान सीमावर्ती इलाके में जंगली हाथियों के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गयी। इस घटना से पूरे इलाके में जबरदस्त प्रतिक्रिया व्याप्त है।
जिले के 1 नंबर पहाड़पुर गांव के निवासी और पूर्व बीएलटी कैडर हाउनार बसुमतरी बीती रात के समय अपने धान के खेत में घुस आए जंगली हाथी को भगाने गए थे लेकिन हाथियों के हमले में उनकी जान चली गई।
इस घटना के बाद से सीमावर्ती इलाके में वन विभाग और सरकार के खिलाफ लोगों में गुस्सा है। वे हाथियों का आतंक रोकने के लिए तुरंत स्थायी और प्रभावी कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
वन विभाग एवं पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच में वन विभाग की टीम जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

