home page

नुमलीगढ़ में जंगली हाथियों का उत्पात जारी, पक रहे धान की फसल को पहुंचा रहे नुकसान

 | 
नुमलीगढ़ में जंगली हाथियों का उत्पात जारी, पक रहे धान की फसल को पहुंचा रहे नुकसान


गोलाघाट (असम), 27 अक्टूबर (हि.स.)। असम के नुमलीगढ़ में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। पक रहे धान की गंध से आकर्षित होकर जंगली हाथियों के झुंड खेतों में घुस रहे हैं और बड़े पैमाने पर धान की फसल को नष्ट कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, बीती रात जंगली हाथियों ने कई बीघा जमीन पर लगी शाली धान की फसल को खाकर और रौंदकर बर्बाद कर दिया। धान की फसल पकने के साथ ही हाथियों का खेतों में आना बढ़ गया है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

किसानों को अपनी फसलों की रक्षा करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हाथियों के लगातार हमलों से उनकी मेहनत पर पानी फिर रहा है और उन्हें आर्थिक नुकसान की आशंका सता रही है।

प्रभावित किसानों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि विभाग उन्हें सुरक्षा प्रदान करने और फसलों को जंगली हाथियों से बचाने में विफल रहा है। किसानों को आशंका है कि यदि हाथियों के उत्पात पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में फसलों को और अधिक नुकसान हो सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश