जंगली हाथी चाय बागान में एक घर को किया क्षतिग्रस्त
शोणितपुर (असम), 10 सितंबर (हि.स.)। शोणितपुर जिला के रंगापारा इलाके में जंगली हाथियों का उपद्रव लगातार जारी है। बीती रात भोजन की तलाश में आये जंगली हाथियों के झुण्ड से निकलकर एक हाथी रंगापारा स्थित सेसा चाय बागान के 12 नंबर लाइन में घुस गया।
रात के समय जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया।
हाथी ने 12 नंबर लाइन निवासी बुधुवा सावसी के घर को तोड़कर पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथी के हमले के दौरान बुधुवा सावसी और उनके परिवार के सदस्यों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मिलकर जंगली हाथी को वहां से खदेड़ने में सफलता हासिल की। इस घटना से इलाके के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से जंगली हाथियों के बढ़ते उपद्रव से निजात दिलाने के लिए स्थायी समाधान की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जयकिशोर झा

