ग्वालपाड़ा में जंगली हाथियों का आतंक, तंबू के नीचे पढ़ाई करने को मजबूर नन्हे विद्यार्थी
ग्वालपाड़ा (असम), 16 नवंबर (हि.स.)। असम के ग्वालपाड़ा जिले में जंगली हाथियों के आतंक के कारण एक विद्यालय में पठन-पाठन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। विद्यालय परिसर के आसपास जंगली हाथियों के झुंड के लगातार विचरण करने से विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
हाथियों के हमले की आशंका के चलते विद्यालय में नियमित कक्षाएं बाधित हो गई हैं। ऐसे में नन्हे विद्यार्थियों को कक्षाओं के बजाय तंबू के नीचे बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है।
इस स्थिति से अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। उन्हें आशंका है कि विद्यालय के आसपास हाथियों के झुंड की मौजूदगी कभी भी किसी अप्रिय घटना का कारण बन सकती है।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे मानव-हाथी संघर्ष ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। वहीं, बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा दोनों को लेकर अभिभावक चिंतित हैं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

