ग्वालपाड़ा में जंगली हाथियों का उत्पात जारी, धान की फसलें बर्बाद, कई घर क्षतिग्रस्त
ग्वालपाड़ा (असम), 08 नवंबर (हि.स.)। असम के ग्वालपाड़ा जिले में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। हाथियों के झुंड ने कई इलाकों में खेतों में खड़ी धान की फसल को नष्ट करने के साथ ही कई घरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है।
सिधाबारी के कलितापारा और निगम क्षेत्रों के खेतों में जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। इसके अलावा नयापारा गांव के विभिन्न इलाकों में भी हाथियों ने धान की फसल को रौंदकर भारी नुकसान पहुंचाया।
हाथियों ने गांव के कई परिवारों के घरों को भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। लगातार जारी हाथियों के हमलों से स्थानीय लोग दहशत में हैं। क्षेत्रवासियों को हाथियों के उत्पात के बीच दिन गुजारने पड़ रहे हैं। गांव में जंगली हाथियों की लगातार आवाजाही से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

