होजाई में वन विभाग की तत्परता से टला बड़ा रेल हादसा, जंगली हाथियों के झुंड की बची जान
होजाई (असम), 24 अगस्त (हि.स.)। असम के होजाई जिले में वन विभाग की तत्परता से जंगली हाथियों के एक बड़े झुंड की जान बच गई। बीती देर रात भोजन की तलाश में हाथियों का झुंड हावाईपुर की ओर निकल आया और रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर फंस गया।
इसी दौरान हावाईपुर की ओर अप-लाइन पर राजधानी एक्सप्रेस और डाउन-लाइन पर एक मालगाड़ी आ रही थी। रेलवे ट्रैक पर हाथियों के झुंड की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय हो गए।
वन विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते दोनों ट्रेनों को आपात स्थिति में रोक दिया गया। इससे हाथियों का झुंड एक बड़े रेल हादसे की चपेट में आने से बच गया। वन विभाग की सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई से एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष की संभावित गंभीर घटना टल गई।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

