home page

जागीरोड में टाटा सेमीकंडक्टर संयंत्र परिसर में घुसा जंगली हाथियों का झुंड

 | 
जागीरोड में टाटा सेमीकंडक्टर संयंत्र परिसर में घुसा जंगली हाथियों का झुंड


नगांव (असम), 12 सितंबर (हि.स.)। असम के जागीरोड में निर्माणाधीन टाटा सेमीकंडक्टर संयंत्र परिसर में शनिवार को करीब 15 जंगली हाथियों का झुंड घुस आया। हाथियों के परिसर में प्रवेश करने की सूचना मिलते ही सुरक्षा के मद्देनजर वहां काम कर रहे श्रमिकों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हाथियों को सुरक्षित तरीके से परिसर से बाहर निकालकर जंगल की ओर ले जाने का प्रयास शुरू किया। औद्योगिक परियोजना के लिए हाथियों की आवाजाही एक विशेष चुनौती मानी जा रही है, क्योंकि उनके चलने से उत्पन्न कंपन से सेमीकंडक्टर निर्माण में आवश्यक अत्यंत सूक्ष्म स्तर की सटीकता प्रभावित हो सकती है।

परियोजना स्थल को हाथियों से सुरक्षित रखने के लिए असम सरकार के सहयोग से मजबूत हाथी-रोधी सुरक्षा अवरोध भी तैयार किए गए हैं। इसके अलावा परिसर में सांपों सहित अन्य वन्यजीवों की मौजूदगी से निपटने के लिए प्रशिक्षित वन्यजीव बचाव दल की सहायता ली जा रही है। यह घटना औद्योगिक विकास के साथ वन्यजीवों की आवाजाही और संरक्षण के बीच संतुलन की चुनौती को भी सामने लाती है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश