home page

सामागुड़ी में जंगली हाथियों का आतंक, कई गरीब परिवारों के घर क्षतिग्रस्त

 | 
सामागुड़ी में जंगली हाथियों का आतंक, कई गरीब परिवारों के घर क्षतिग्रस्त


नगांव (असम), 15 सितंबर (हि.स.)। असम के सामागुड़ी के गेन्धाली आदर्श गांव में जंगली हाथियों के लगातार उत्पात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मंगलवार तड़के जंगली हाथियों का एक झुंड गांव में घुस आया और कई गरीब परिवारों के घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथियों ने घरों में रखे जरूरी सामान को भी नष्ट कर दिया।

जानकारी के अनुसार, हाथियों ने गांव के निवासी जगुराम दास के घर पर हमला किया। इसके अलावा कई अन्य गरीब परिवारों के घरों को भी नुकसान पहुंचाया। बताया गया कि जब परिवार के सदस्य घरों में सो रहे थे, उसी दौरान हाथियों ने हमला किया। हाथियों के अचानक घरों में घुसने से परिवारों के सदस्यों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाई।

पीड़ित परिवारों का आरोप है कि जंगली हाथी इससे पहले भी कई बार उनके घरों पर हमला कर भारी नुकसान पहुंचा चुके हैं। इसके बावजूद अब तक सरकार की ओर से उन्हें किसी प्रकार का मुआवजा नहीं मिला है।

वहीं, क्षेत्र में हाथियों का उत्पात लगातार जारी रहने के कारण सामागुड़ी के बड़े इलाके के ग्रामीणों को रात जागकर गुजारनी पड़ रही है। वन विभाग की ओर से हाथियों को खदेड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाथियों के उत्पात पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से तत्काल प्रभावी कदम उठाने तथा प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश