home page

नुमलीगढ़ के पास जंगली हाथी के गले में लटका मिला टायर, वन विभाग ने सुरक्षित निकाला

 | 
नुमलीगढ़ के पास जंगली हाथी के गले में लटका मिला टायर, वन विभाग ने सुरक्षित निकाला


गोलाघाट (असम), 11 सितंबर (हि.स.)। असम के गोलाघाट जिले में नुमलीगढ़ के पास बकियाल इलाके में जंगली हाथी के गले में पुराना टायर लटका मिलने से हड़कंप मच गया। गुरुवार को जंगल से निकलकर आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचे हाथी के गले में टायर किस तरह फंसा, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हुई और ड्रोन की मदद से हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी गई। काफी निगरानी के बाद वन विभाग की टीम ने हाथी को ट्रैंकुलाइज कर सुरक्षित रूप से उसके गले से टायर निकाल दिया।

काजीरंगा के पानबारी वन्यजीव बचाव एवं पुनर्वास केंद्र के पशु चिकित्सक डॉ. भास्कर चौधरी ने हाथी को ट्रैंकुलाइज किया। अभियान के दौरान गोलाघाट वन क्षेत्राधिकारी कीर्ति कमल डेका, वन सुरक्षा बल के क्षेत्राधिकारी राजीव काकती, मरांगी राजस्व चक्र अधिकारी सतीश प्रसाद समेत वन विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से हाथी के गले में फंसा टायर निकाल दिया गया और उसे संभावित परेशानी से बचाया गया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश