केवल शनिवार को ही खुलेंगे साप्ताहिक बाजार
इटानगर, 09 मार्च (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश सरकार ने अवैध अप्रवासियों के प्रवेश पर अंकुश लगाने और राजस्व के नुकसान को रोकने के उद्देश्य से राजधानी क्षेत्र इटानगर (आईसीआर) और पापुम पारे जिले में साप्ताहिक बाजारों के संचालन को केवल शनिवार तक सीमित कर दिया है।
गृह आयुक्त सौगत बिश्वास द्वारा शनिवार को जारी एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, यह निर्णय गृह मंत्री मामा नाटुंग की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद लिया गया। यह कदम अरुणाचल प्रदेश स्वदेशी युवा संगठन (एपीआईओ) और अखिल नाहरलागुन युवा संगठन (एएनवाईओ) सहित कई संगठनों द्वारा उठाई गई चिंताओं के परिप्रेक्ष्य में उठाया गया।
आदेश में कहा गया है कि साप्ताहिक बाजार सप्ताह के कई दिनों में आयोजित किए जा रहे थे, जिससे गैर-स्थानीय विक्रेताओं की भागीदारी बढ़ रही थी और राज्य में अवैध अप्रवासियों के प्रवेश की संभावना बढ़ रही थी। इसमें यह भी बताया गया कि इस प्रथा के कारण सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा था।
नए निर्देश के तहत, आईसीआर और पापुम पारे जिले में साप्ताहिक बाजार केवल शनिवार को ही आयोजित किए जा सकेंगे।
राज्य के शेष हिस्से के लिए सरकार ने संबंधित जिलों के उपायुक्तों को अपने अधिकार क्षेत्र में साप्ताहिक बाजार लगाने के लिए सप्ताह का एक विशिष्ट दिन निर्धारित करने का अधिकार दिया है।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि बाजार सप्ताह में केवल एक बार ही लगना चाहिए और अधिकारियों को इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
राज्य भर के उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को निर्देश दिया गया है कि वे इस निर्देश का तुरंत पालन करें और गृह विभाग को कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

