home page

कार्बी आंगलोंग में शादी का भोज बना आफत, 35 लोग बीमार

 | 
कार्बी आंगलोंग में शादी का भोज बना आफत, 35 लोग बीमार


गुवाहाटी, 23 मार्च (हि.स.)। असम के कार्बी आंगलोंग जिले में एक शादी समारोह के दौरान परोसा गया भोजन उस समय मुसीबत बन गया जब भोज में शामिल कम से कम 35 लोग अचानक बीमार पड़ गए। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।

यह मामला बकलियाघाट क्षेत्र के बहोनी आदर्श तिमुंग गांव का है, जहां पारंपरिक कार्बी विवाह समारोह “एडम असार” आयोजित किया जा रहा था। समारोह में भोजन करने के कुछ ही समय बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया गया है कि प्रभावित लोगों में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। सभी में उल्टी, पेट में तेज दर्द और दस्त जैसे लक्षण देखे गए, जिससे स्थिति सोमवार को गंभीर हो गई।

हालत बिगड़ने पर स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए सभी बीमारों को बकोलियाघाट के 30-बेड वाले अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया। कई मरीजों को निगरानी में रखा गया है।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार अधिकांश मरीजों की हालत स्थिर है, हालांकि कुछ की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और भोजन के नमूने जांच के लिए भेजे जाने की तैयारी की जा रही है।

इस घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बड़े आयोजनों में भोजन की स्वच्छता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश