‘जानना चाहते हैं मैं क्या चला रहा हूं?’: हिमंत ने की गुवाहाटी में बांस की साइकिल के सार्वजनिक परीक्षण की घोषणा
गुवाहाटी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को घोषणा की कि बांस से निर्मित साइकिल को औपचारिक रूप से बाजार में उतारने से पहले गुवाहाटी के विभिन्न पार्कों में आम लोगों के परीक्षण के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि साइकिल का ढांचा पूरी तरह बांस से बनाया गया है और इसे भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) से प्रमाणित किया गया है।
डॉ. सरमा ने लिखा, ‘‘जानना चाहते हैं कि मैं क्या चला रहा हूं? यह बांस की साइकिल है।’’ उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में गुवाहाटी के लोग इन साइकिलों को चलाकर इनके संबंध में अपनी प्रतिक्रिया साझा कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने असम में प्रचूर मात्रा में उपलब्ध बांस की व्यापक उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बांस से 800 से अधिक प्रकार के उत्पाद बनाए जा सकते हैं और इसका इस्तेमाल मेथनॉल, विमानन टर्बाइन ईंधन (एटीएफ) तथा मजबूत संरचनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बांस को घास की श्रेणी में रखने संबंधी नीतिगत बदलाव से इस क्षेत्र में नए अवसरों का विस्तार हुआ है। इससे बांस की खेती और इसके उपयोग को लेकर कानूनी व्यवस्था में बदलाव आया।
बांस की साइकिलों का गुवाहाटी में सार्वजनिक परीक्षण औपचारिक लॉन्च से पहले किया जाएगा, जिससे लोगों की प्रतिक्रिया के आधार पर इसके उपयोग और डिजाइन से संबंधित पहलुओं का आकलन किया जा सकेगा।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

