home page

कोकराझार में मतगणना शुरू, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

 | 
कोकराझार में मतगणना शुरू, सुरक्षा के कड़े इंतजाम


कोकराझार (असम), 04 मई (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव 2026 के तहत कोकराझार जिले में आज सुबह आठ बजे से मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हो गई। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती आरंभ की गई, जिसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में दर्ज मतों की गणना की जाएगी।

जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतगणना एक साथ प्रारंभ की गई है। प्रशासन द्वारा पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक तैयारी की गई है, वहीं सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं।

मतगणना दो प्रमुख केंद्रों—कोकराझार सरकारी उच्चतर माध्यमिक एवं बहुमुखी विद्यालय तथा बोडोलैंड विश्वविद्यालय—में हो रही है। कोकराझार सरकारी उच्चतर माध्यमिक एवं बहुमुखी विद्यालय में कोकराझार, बाओखुंगरी और दोतमा विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना की जा रही है, जबकि बोडोलैंड विश्वविद्यालय में परबतझोरा और गोसाईगांव विधानसभा क्षेत्रों के मतों की गिनती जारी है।

विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मतगणना के लिए निर्धारित राउंड इस प्रकार हैं—कोकराझार में 14 राउंड, बाओखुंगरी में 16 राउंड, दोतमा में 13 राउंड, परबतझोरा में 17 राउंड और गोसाईगांव में 11 राउंड में मतगणना पूरी की जाएगी।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, पूरी मतगणना प्रक्रिया को सुचारू, सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा