मां कामाख्या मंदिर के 'दलै' चुनाव संपन्न: कवींद्र प्रसाद शर्मा 'बर दलै' और समीर प्रसाद शर्मा 'सोरु दलै' के पद पर विजयी
गुवाहाटी, 29 नवंबर (हि.स.)। गुवाहाटी के नीलाचल पहाड़ी पर स्थित विश्वविख्यात शक्तिपीठ मां कामाख्या धाम में रविवार को पारंपरिक मुख्य पुजारियों (दलै) के चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए। इस चुनाव में कुल 6 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें से सबसे अधिक 186 वोट हासिल कर कवींद्र प्रसाद शर्मा ने 'बर दलै' (मुख्य पुजारी) के पद पर जीत दर्ज की। वहीं, 177 वोटों के साथ समीर प्रसाद शर्मा 'सोरु दलै' (कनिष्ठ पुजारी) के रूप में विजयी हुए।
चुनाव प्रक्रिया के तहत रविवार सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हुआ, जो शाम 4 बजे तक चला। कुल 459 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान समाप्त होने के बाद आज देर शाम को मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए गए।
उल्लेखनीय है कि मां कामाख्या मंदिर की परंपरा के अनुसार, दलै चुनाव में सर्वाधिक मत प्राप्त करने वाले शीर्ष दो उम्मीदवारों को क्रमशः 'बर दलै' (मुख्य) और 'सोरु दलै' (कनिष्ठ) का पदभार सौंपा जाता है।
मंदिर की व्यवस्था में इन दोनों पदों का विशेष महत्व है। बर दलै और सोरु दलै, दलै समाज (बरदेउरी समाज) तथा मंदिर की पूजा पद्धति, उत्सवों और देवालय से जुड़े सभी परंपरागत कार्यों के सुचारू संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

