कौशल विकास केंद्र में 35 प्रशिक्षुओं को काउंटर सेल्स एग्जीक्यूटिव का प्रशिक्षण
शोणितपुर (असम), 30 जुलाई (हि.स.)। डीआईएजीईओ इंडिया की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल तथा टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी स्किल काउंसिल (टीएचएससी) के सहयोग से संचालित वीवो स्कील्स एंड ट्रेनिंग द्वारा शोणितपुर के फूलबाड़ी चाय बागान स्थित कौशल विकास केंद्र में काउंटर सेल्स एग्जीक्यूटिव प्रशिक्षण कार्यक्रम से जुड़े 35 प्रशिक्षुओं के बीच यूनिफॉर्म एवं प्रशिक्षण किट का वितरण किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष रूप से चाय बागान समुदाय के बेरोजगार युवाओं को उद्योग की मांग के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें सम्मानजनक एवं स्थायी रोजगार के अवसरों से जोड़ना है। डीआईएजीईओ इंडिया की सीएसआर पहल के अंतर्गत देशभर में स्थापित कौशल विकास केंद्रों के माध्यम से युवाओं को गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। फूलबाड़ी चाय बागान स्थित केंद्र भी इसी पहल का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम में रंगापाड़ा सम-जिला के सहायक आयुक्त प्रमोद शर्मा, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कौशल विकास कार्यक्रम आज के युवाओं के लिए आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि टीएचएससी से संबद्ध इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को देशभर के प्रतिष्ठित औद्योगिक एवं हॉस्पिटैलिटी संस्थानों में रोजगार के लिए प्लेसमेंट सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर असम चाय मजदूर संघ के कार्यवाहक सचिव सुनील टुटी, फूलबाड़ी चाय बागान के उप प्रबंधक दर्पण सैकिया, वीवो स्कील्स एंड ट्रेनिंग के प्रोजेक्ट हेड रोशन उपाध्याय एवं बिशाल घोष सहित संस्था के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रोजेक्ट हेड उपाध्याय एवं घोष ने बताया कि चाय बागान समुदाय के चयनित 35 युवाओं को काउंटर सेल्स एग्जीक्यूटिव जॉब रोल में दो माह का गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद सभी सफल अभ्यर्थियों को देशभर की प्रतिष्ठित कंपनियों एवं संस्थानों में रोजगार हेतु प्लेसमेंट सहायता प्रदान की जाएगी, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / जयकिशोर झा

