home page

पीपीए ने सरकार से 'सियांग बेल्ट' से अर्धसैनिक बलों को वापस बुलाने की अपील की

 | 

इटानगर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। 'पीपल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल' (पीपीए) के अध्यक्ष और विधायक नबाम विवेक ने राज्य सरकार से 'सियांग बेल्ट' से अर्धसैनिक बलों को वापस बुलाने की अपील की है। इन बलों को वहां प्रस्तावित 'सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट' के सिलसिले में तैनात किया गया है।

आज दोईमुख स्थित अपने कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए, विवेक ने कहा कि स्थानीय जनता के साथ टकराव से इलाके में विकास नहीं हो सकता, खासकर जलविद्युत परियोजनाओं के मामले में, जो कि काफी संवेदनशील होते हैं। क्योंकि जलविद्युत परियोजनाओं में फायदा और नुकसान दोनों जुड़े होते है। आम लोग आसानी से नहीं समझ पाते हैं।

विवेक ने कहा, मेरे आकलन के अनुसार, राज्य सरकार प्रस्तावित 'सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट' को लेकर अपनी पकड़ खो रही है, क्योंकि वह परियोजना से प्रभावित स्थानीय मूल निवासियों को मनाने के लिए गलत तरीका अपना रही है। स्थानीय लोगों के समर्थन के बिना, जबरदस्ती जलविद्युत परियोजना का निर्माण करना असंभव है।

'प्री-फिजिबिलिटी रिपोर्ट' चरण में ही सरकार की सख्त कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए, विवेक ने कहा कि इससे इस परियोजना को लेकर राज्य और केंद्र सरकार, दोनों के इरादों पर चिंता पैदा होती है।

अगर सरकार प्रस्तावित 'सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट' का निर्माण करना चाहती है, तो उसे सबसे पहले अर्धसैनिक बलों को वापस बुलाना चाहिए, गिरफ्तार किए गए सभी लोगों को रिहा करना चाहिए और परियोजना के महत्व तथा फायदों को पारदर्शी तरीके से समझाकर स्थानीय जनता को विश्वास में लेना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी