सोनापुर में एसएसबी की प्रथम वाहिनी में श्रद्धापूर्वक मनाई गई विश्वकर्मा पूजा
गुवाहाटी, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), सोनापुर तथा वाहिनी के सभी संबंधित परिसरों एवं समवायों में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा पूजा श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन वाहिनी के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में तथा कमांडेंट (चिकित्सा) डॉ. रिंकू डे और सेकंड-इन-कमांड ख. इबोचौबा सिंह की निगरानी में किया गया।
इस अवसर पर वाहिनी परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों ने पूजा-अर्चना में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा वाहिनी की सुख-समृद्धि, सुरक्षा एवं सफलता के साथ-साथ सभी कार्मिकों और उनके परिवारों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रार्थना की।
पूजा कार्यक्रम का शुभारंभ हवन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इसके बाद विधि-विधानपूर्वक भगवान विश्वकर्मा की पूजा की गई। हवन के दौरान अधिकारियों और जवानों ने आहुति देकर वाहिनी की निरंतर प्रगति, कार्यस्थल पर सुरक्षा, कार्मिकों एवं उनके परिवारों की सुख-शांति और राष्ट्र की समृद्धि के लिए मंगलकामना की।
इस अवसर पर उप कमांडेंट विकास सिंह और उप कमांडेंट सत्व प्रतीक दिगंबर सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान भगवान विश्वकर्मा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि यह पूजा कार्यस्थलों, औजारों, मशीनरी और तकनीकी उपकरणों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। भगवान विश्वकर्मा को शिल्प, वास्तुकला, निर्माण और तकनीकी कौशल से जुड़ा देवता माना जाता है। एसएसबी जैसे तकनीकी रूप से सक्षम बल के लिए इसका विशेष महत्व है, क्योंकि वाहिनी के दैनिक कार्यों में विभिन्न उपकरणों, वाहनों, मशीनरी और तकनीकी संसाधनों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
पूजा के बाद उपस्थित अधिकारियों और जवानों के बीच प्रसाद वितरित किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान धार्मिक एवं उत्सवपूर्ण वातावरण बना रहा। कार्मिकों ने आपसी सौहार्द, भाईचारे और एकता के साथ आयोजन में सहभागिता की।
विश्वकर्मा पूजा के माध्यम से वाहिनी के कार्मिकों ने अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पण, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक विधि-विधान के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

