home page

सियांग जलविद्युत परियोजना के विरोध में हिंसा, पासीघाट में थाना और एनएचपीसी कार्यालय में आगजनी

 | 
सियांग जलविद्युत परियोजना के विरोध में हिंसा, पासीघाट में थाना और एनएचपीसी कार्यालय में आगजनी


पासीघाट (अरुणाचल प्रदेश), 24 अक्टूबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश में प्रस्तावित सियांग अपर बहुउद्देशीय जलविद्युत परियोजना के विरोध में पासीघाट में हिंसा भड़क उठी। प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर एक पुलिस थाने, एनएचपीसी कार्यालय और पुलिस एवं सुरक्षा बलों के सात वाहनों में आग लगा दी। हिंसा के दौरान कई सुरक्षाकर्मियों के घायल होने की भी खबर है।

उल्लेखनीय है कि परियोजना के विरोध में कई संगठनों ने शुक्रवार को सियांग, ईस्ट सियांग और अपर सियांग जिलों में बंद का आह्वान किया था। विभिन्न क्षेत्रों में बंद का व्यापक असर देखने को मिला, हालांकि शुरुआत में पासीघाट इससे अप्रभावित रहा। तीनों जिलों में बंद का कार्यक्रम शाम पांच बजे समाप्त हो गया, लेकिन ईस्ट सियांग जिले के पासीघाट में तनाव बना रहा।

जानकारी के अनुसार, रणघाट तिनिआली में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और सुरक्षा बलों के कई वाहनों में आग लगा दी। सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया तो भीड़ ने उन पर पथराव किया।

इस घटना में कई सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।

इस बीच, प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर पासीघाट पुलिस थाने और एनएचपीसी के अस्थायी कार्यालय को भी आग के हवाले कर दिया। सात पुलिस वाहनों को भी जला दिया गया।

पासीघाट जनरल अस्पताल के सामने भी तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

घटना के बाद प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश