home page

स्मार्ट बिजली मीटर लगाने के विरोध में प्रदर्शन

 | 
स्मार्ट बिजली मीटर लगाने के विरोध में प्रदर्शन


इटानगर, 03 जुलाई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के लोवर सियांग ज़िले के गेन्सी और सिबे सर्कल के निवासियों ने स्मार्ट बिजली मीटर लगाने के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। उन्होंने बढ़ते बिजली बिल, बिलिंग में पारदर्शिता की कमी और उपभोक्ताओं पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को लेकर चिंता जताई।

इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण, समुदाय आधारित नेताओं, महिलाओं, युवा और जन-प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने सरकार और बिजली विभाग से अपील की कि जब तक लोगों की चिंताओं का उचित समाधान नहीं हो जाता, तब तक स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर फिर से विचार किया जाए।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि अधिकारी मीटर लगाने से पहले स्थानीय निवासियों के साथ सार्थक बातचीत करें और पारदर्शिता सुनिश्चित करें। उन्होंने सरकार से उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करने और बिजली क्षेत्र में सुधार लागू करते समय जन-हितैषी रवैया अपनाने की अपील की।

प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और इसमें शामिल लोगों ने अपनी शिकायतों के समाधान होने तक इलाके में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को रोकने की मांग दोहराई। हाल ही में अरुणाचल प्रदेश के अन्य हिस्सों से भी स्मार्ट मीटर के खिलाफ इसी तरह के विरोध प्रदर्शनों की खबरें आई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी