होटल विलास इन गोलीकांड: घायल सत्येंद्र को जीएमसीएच से मिली छुट्टी, आरोपित घनकांत गोगोई का पोस्टमार्टम
गुवाहाटी, 05 नवंबर (हि.स.)। गुवाहाटी के चर्चित होटल विलास इन गोलीकांड में गोली लगने से घायल सत्येंद्र पाठक को गुरुवार को गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) से छुट्टी दे दी गई। उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार होने पर अस्पताल प्रशासन ने उन्हें घर जाने की अनुमति दे दी।
सत्येंद्र पाठक इस सनसनीखेज गोलीकांड के प्रमुख गवाहों में से एक हैं। आरोपित घनकांत गोगोई की गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हो गई थी, जबकि सत्येंद्र पाठक किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वह अपने घर पहुंच गए।
सत्येंद्र की मां ने कहा कि भगवान ने किसी तरह उनके बेटे की जान बचा ली।
दूसरी ओर, पांच लोगों की हत्या के आरोपित घनकांत गोगोई पुलिस एनकाउंटर में मारे गये थे। उनके शव का पोस्टमार्टम गुरुवार को असम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एएमसीएच) में किया गया। परिजन आज उसका शव प्राप्त करेंगे।
इधर, डिब्रूगढ़ जिले के नाहरकटिया स्थित उसके पैतृक आवास पर अंतिम संस्कार की तैयारियां की गई हैं। अंतिम संस्कार के लिए लकड़ियों और बांस की व्यवस्था की गई है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

