विकसित भारत युवा संसद 2026-27 का जिला स्तरीय कार्यक्रम 7 नवंबर को
कोकराझार (असम), 02 नवंबर (हि.स.)। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति उनमें जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कोकराझार जिले में विकसित भारत युवा संसद 2026-27 का आयोजन आगामी 7 नवंबर को किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन माय भारत केंद्र, कोकराझार द्वारा बोडोफा यूएन ब्रह्म कॉलेज के सहयोग से किया जा रहा है।
इस संबंध में बोडोफा यूएन ब्रह्म कॉलेज परिसर में आज आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में राय दास ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय युवा संसद में युवाओं को ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ (One Nation, One Election) जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए युवाओं की आयु 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके लिए निर्धारित कट-ऑफ तिथि 17 अगस्त 2026 है। प्रतिभागी असमिया, हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में अपने विचार प्रस्तुत कर सकेंगे। प्रत्येक प्रतिभागी को अधिकतम तीन मिनट का समय दिया जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन 7 नवंबर, 2026 को सुबह 11 बजे बोडोफा यूएन ब्रह्म कॉलेज में होगा। इच्छुक एवं पात्र युवा माय भारत के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
पंजीकरण के लिए आधिकारिक लिंक है:https://mybharat.gov.in/vo/pages/event_detail?event_name=Viksit-Bharat-Youth-Parliament-2027&key=238229124823
आयोजकों ने जिले के पात्र युवाओं से इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है, ताकि वे राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर अपनी सोच, विचार एवं दृष्टिकोण प्रस्तुत कर सकें और लोकतांत्रिक विमर्श में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

