गोलाघाट में सीएम विजिलेंस का अभियान, एसीएस अधिकारी देवेश्वर बोरा से जुड़ा लिंक सामने आया
गोलाघाट (असम), 15 सितंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री निगरानी प्रकोष्ठ ने मंगलवार को गोलाघाट शहर में एसीएस अधिकारी देवेश्वर बोरा से जुड़े एक ठिकाने पर अभियान चलाया। गोलाघाट शहर के 11 नंबर वार्ड के चंदन नगर स्थित एक निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, उक्त निर्माणाधीन इमारत एसीएस अधिकारी देवेश्वर बोरा की पत्नी के नाम पर है। निगरानी प्रकोष्ठ की कार्रवाई को बोरा के खिलाफ चल रही जांच से जोड़कर देखा जा रहा है।
धेमाजी के जिला विकास आयुक्त के रूप में कार्यरत देवेश्वर बोरा को निगरानी अधिकारियों ने 7 सितंबर को गिरफ्तार किया था। इसके बाद विजिलेंस की टीम ने गुवाहाटी स्थित उनके आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया था।
गोलाघाट में मंगलवार को की गई कार्रवाई को इसी जांच की अगली कड़ी माना जा रहा है। अभियान के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री बरामद हुई, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

