home page

पुलिस की गोली से घनकांत गोगोई की मौत पर पीड़ित परिवारों ने कहा- भगवान ने न्याय किया

 | 
पुलिस की गोली से घनकांत गोगोई की मौत पर पीड़ित परिवारों ने कहा- भगवान ने न्याय किया


बरपेटा (असम), 04 नवंबर (हि.स.)। गुवाहाटी के होटल विलास इन गोलीकांड के आरोपित घनकांत गोगोई की बुधवार को पुलिस की गोली से मौत के बाद पीड़ित परिवारों ने राहत जताई है। परिवार के सदस्यों ने कहा कि पांच निर्दोष लोगों की जान लेने वाले आरोपित को भगवान ने उसके किए की सजा दी है।

उल्लेखनीय है कि घनकांत गोगोई ने छह लोगों को गोली मारी थी, जिनमें पांच की मौत हो गई थी। बुधवार को पुलिस हिरासत के दौरान उसने कथित तौर पर एक पुलिस अधिकारी की पिस्तौल छीनकर फरार होने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मृतका हेलेना भराली के बड़े भाई ने कहा कि घनकांत ने पांच निर्दोष लोगों की जान ली थी। भगवान ने अब उसकी ओर ध्यान दिया है और न्याय किया है।

वहीं, मृतक भूदेव भराली की बेटी ने कहा कि ईश्वर ने उनके परिवार को न्याय दिया है। इस दुख की घड़ी में आरोपित की मौत से उन्हें थोड़ी शांति मिली है। उसने कहा कि घनकांत ने उनके निर्दोष पिता, चाची, चचेरे भाई, चचेरी भाभी और परिवार के अन्य सदस्यों को गोली मारकर उनकी हत्या की थी। अब भगवान ने उसके कर्मों का फैसला किया है।

पीड़ित परिवारों ने कहा कि अपनों को खोने का दर्द कभी कम नहीं होगा, लेकिन आरोपित की मौत से उन्हें कुछ हद तक मानसिक शांति मिली है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश