home page

गुवाहाटी में चार अक्टूबर को मनाई जाएगी अशोक सिंघल की 100वीं जयंती

 | 
गुवाहाटी में चार अक्टूबर को मनाई जाएगी अशोक सिंघल की 100वीं जयंती


गुवाहाटी, 25 सितंबर (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के उत्तर पूर्व प्रांत के सौजन्य से आगामी चार अक्टूबर को गुवाहाटी के श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र के श्रीश्री दामोदरदेव अंतरराष्ट्रीय प्रेक्षागृह में हिंदू समाज के एक महान पथ प्रदर्शक, जनप्रिय संगठक अशोक सिंघल की 100वीं जयंती मनाई जाएगी।

इसकी जानकारी आज गुवाहाटी प्रेस क्लब में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए विहिप के उत्तर पूर्व प्रांत अध्यक्ष परमेश दत्त, गुवाहाटी महानगर अध्यक्ष चबीन राजखोवा एवं क्षेत्र विशेष संपर्क प्रमुख पल्लव परासर ने दी।

राजखोवा ने कहा कि अशोक सिंघल का जन्म 1926 में हुआ था। उन्होंने संघ के विभिन्न दायित्वों का पालन करते हुए वर्ष 1953 से 1980 तक कानपुर प्रांत के प्रचारक के रूप में दायित्व का निर्वहन किया। वहीं, 1981 में विहिप से जुड़कर संगठन का कार्य विस्तार 60 देशों तक फैलाया। उन्होंने बताया कि जन्म शताब्दी समारोह विहिप के 48 प्रांतों में मनाया जाएगा। इसी कड़ी में गुवाहाटी में भी 100वीं जयंती मनाने का निर्णय लिया गया है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर कमलाबाड़ी सत्र के सत्राधिकार जनार्दनदेव गोस्वामी, विशिष्ट अतिथि के रूप में असम सरकार के मंत्री अशोक सिंघल एवं मुख्य वक्ता के रूप में विहिप के सह संगठनिक सचिव विनायक राव देशपांडेय शामिल होंगे।

वहीं पल्लव परासर ने अशोक सिंघल के प्रमुख अवदानों पर प्रकाश डालते हुए मुख्य रूप से अयोध्या में भगवान राम जन्म भूमि को लेकर चलाए गये आंदोलन औऱ कार सेवा पर प्रकाश डाला। जयंती समारोह में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय