home page

एसएसबी के शिविर में 44 लोगों और 114 पशुओं का उपचार

 | 
एसएसबी के शिविर में 44 लोगों और 114 पशुओं का उपचार


गुवाहाटी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की प्रथम बटालियन, सोनापुर की ओर से गुरुवार को असम के मोरीगांव जिले के बानपारा गांव में चिकित्सा एवं पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। बटालियन के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य स्थानीय ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ पशुओं की उचित देखभाल, स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता और समय पर उपचार के प्रति जागरूक करना था।

बटालियन के ‘डी’ कंपनी के कार्यक्षेत्र में आयोजित इस शिविर में कमांडेंट (पशु चिकित्सा) डॉ. ई. चौबा सिंह, सहायक कमांडेंट एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. मैनाक गोस्वामी सहित अन्य अधिकारी और चिकित्सा कर्मी उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान मानव चिकित्सा सेवा के तहत कुल 44 लोगों की जांच कर उनका उपचार किया गया। वहीं, पशु चिकित्सा सेवा के अंतर्गत 114 पशुओं का इलाज किया गया, जिससे 61 पशुपालकों को लाभ मिला। इस दौरान ग्रामीणों को मानव स्वास्थ्य तथा पशुओं की उचित देखभाल के संबंध में आवश्यक परामर्श भी दिया गया।

कार्यक्रम के तहत जनस्वास्थ्य और पशु कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए दो जागरूकता सत्र भी आयोजित किए गए।

एसएसबी की इस पहल से ग्रामीणों और पशुपालकों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हुईं। साथ ही, सुरक्षा बल और स्थानीय लोगों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और सौहार्दपूर्ण संबंधों को मजबूत करने में भी मदद मिली।

प्रथम बटालियन एसएसबी, सोनापुर ने स्थानीय आबादी के कल्याण, स्वास्थ्य जागरूकता और जनहित से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश