श्रीरामपुर में दो बोलेरो वाहनों से मवेशी बरामद, दो गिरफ्तार
कोकराझार (असम), 20 सितम्बर (हि.स.)। कोकराझार जिले के श्रीरामपुर में पुलिस ने मवेशियों की कथित तस्करी के आरोप में दो बोलेरो वाहनों को जब्त कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों वाहनों में यात्रियों के बजाय सीटों के नीचे क्रूर तरीके से पैर बांधकर पांच-पांच मवेशियों को ले जाया जा रहा था।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया है कि जब्त किए गए बोलेरो वाहनों के पंजीकरण नंबर एएस-17जे-3999 और एएस-16के-2464 बताए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में गोसाईगांव के सेरफांगुरी निवासी सफीजुल खान और जहीरुल शेख को गिरफ्तार किया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों वाहन बंगाल की ओर से कथित रूप से मवेशियों को अवैध तरीके से ले जा रहे थे। श्रीरामपुर में पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों वाहनों को रोका गया, जिसके बाद उनमें मवेशी बरामद हुए।
पुलिस ने वाहनों को जब्त कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई एवं जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

