स्कूल की जमीन पर कब्जे के आरोप को लेकर देरगांव थाने के बाहर तनाव
गोलाघाट (असम), 22 सितम्बर (हि.स.)। गोलाघाट जिले के देऱगांव थाना परिसर के बाहर बीती रात उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब कोयलाघाट गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने के सामने जमा हो गए। ग्रामीणों ने गांव के ही निवासी एवं शिक्षक रमेश पांडे पर बंद हो चुके प्राथमिक विद्यालय की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
जानकारी के अनुसार, कोयलाघाट प्राथमिक विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या कम होने के कारण कुछ समय पहले सरकार ने विद्यालय को बंद कर दिया था। ग्रामीणों का दावा है कि विद्यालय के लिए रमेश पांडे के पूर्वजों ने करीब दो बीघा जमीन दान की थी। विद्यालय बंद होने के बाद उक्त जमीन पर दोबारा कब्जा करने का प्रयास किए जाने के आरोप को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई।
इसी मुद्दे को लेकर कोयलाघाट गांव के कुछ मिसिंग समुदाय के ग्रामीण सोमवार रात देरगांव थाने पहुंचे और अपनी आपत्ति दर्ज कराई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों के थाने के सामने जमा होने से कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।
स्थिति की सूचना मिलते ही देऱगांव पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप करते हुए ग्रामीणों को समझाया। पुलिस के प्रयास से बाद में स्थिति नियंत्रण में आ गई। मामले को लेकर ग्रामीणों की शिकायत और जमीन के स्वामित्व से संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

