यूपीपीएल प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री से बीटीआर समझौता क्रियान्वयन की उठाई मांग
कोकराझार (असम), 12 अगस्त (हि.स.)। यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) के सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बोडोलैंड टेरिटोरियल रीजन (बीटीआर) शांति समझौता-2020 के सभी प्रावधानों को शीघ्र लागू करने तथा छठी अनुसूची के तहत आने वाली परिषदों को अधिक अधिकार देने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
यूपीपीएल सूत्रों ने आज यहां बताया कि यूपीपीएल के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद प्रमोद बोडो के नेतृत्व में चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को संसद में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में राज्यसभा सांसद रोंगवरा नार्जारी, लोकसभा सांसद जयंत बसुमतारी तथा यूपीपीएल के उपाध्यक्ष दीपेन बोडो शामिल थे।
बैठक के दौरान बीटीआर के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री से बीटीआर शांति समझौता-2020 के सभी प्रावधानों के शीघ्र क्रियान्वयन के साथ-साथ 125वें संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने की दिशा में पहल करने का आग्रह किया।
यूपीपीएल नेताओं ने संविधान के अनुच्छेद 280 को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) सहित देश की सभी छठी अनुसूची परिषदों को वित्तीय एवं प्रशासनिक रूप से अधिक सशक्त बनाया जा सके।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री को बीटीआर में लगातार उत्पन्न हो रही बाढ़ और कटाव की गंभीर समस्या से भी अवगत कराया। विशेष रूप से भूटान से आने वाली धाराओं के कारण उत्पन्न होने वाली समस्याओं तथा ऊपरी असम के बाढ़ प्रभावित जिलों की स्थिति पर प्रधानमंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए विशेष हस्तक्षेप की मांग की गई।
बैठक के बाद यूपीपीएल अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए मुद्दों को धैर्यपूर्वक सुना और बैठक बेहद सार्थक रही। उन्होंने कहा कि बीटीआर के विकास, समझौते के प्रावधानों के क्रियान्वयन तथा क्षेत्र की बाढ़ एवं कटाव की समस्याओं के समाधान के लिए केंद्र सरकार के स्तर पर आवश्यक सहयोग की उम्मीद है।
प्रमोद बोडो ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में हुए बीटीआर शांति समझौते ने क्षेत्र में शांति और विकास का मार्ग प्रशस्त किया है। अब समझौते के सभी प्रावधानों को निर्धारित रूप से लागू करना क्षेत्र के लोगों के हित में महत्वपूर्ण कदम होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

