बाउखुंगरी विस क्षेत्र में यूपीपीएल की चुनाव संचालन समिति गठित
कोकराझार (असम), 22 मार्च (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में 4 नंबर बाउखुंगरी विधानसभा क्षेत्र में यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) द्वारा एक महत्वपूर्ण चुनाव संचालन समिति का गठन किया गया। यह समिति फकीराग्राम में आयोजित एक विशेष बैठक के दौरान गठित की गई।
बैठक में क्षेत्र की यूपीपीएल उम्मीदवार प्रतिभा ब्रह्म उपस्थित रहीं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। समिति के अध्यक्ष के रूप में हांतिग्री नार्जारी तथा मुख्य समन्वयक के रूप में मोतियार रहमान को नियुक्त किया गया।
इस अवसर पर आगामी चुनाव में पार्टी उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक मजबूत और संगठित चुनाव संचालन समिति के गठन पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में बोड़ोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) के पूर्व एमसीएलए माधव छेत्री सहित यूपीपीएल के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सक्रिय रूप से चुनाव प्रचार में भाग लेने और पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर बाउखुंगरी विधानसभा क्षेत्र में यूपीपीएल की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

