home page

(अपडेट) डिब्रूगढ़ में दूसरे असम विधानसभा परिसर और खेल परियोजना के निर्माण कार्य का मुख्यमंत्री ने लिया जायजा

 | 
(अपडेट) डिब्रूगढ़ में दूसरे असम विधानसभा परिसर और खेल परियोजना के निर्माण कार्य का मुख्यमंत्री ने लिया जायजा


डिब्रूगढ़, 14 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को डिब्रूगढ़ के खनिकर में प्रस्तावित दूसरे असम विधानसभा परिसर के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खनिकर बहुउद्देशीय खेल परियोजना के निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने संबंधित कार्यकारी एजेंसियों को उचित योजना और प्रभावी समन्वय के साथ निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने का निर्देश दिया।

दूसरे असम विधानसभा परिसर के निर्माण स्थल के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने परियोजना के विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की। परियोजना को पूरा करने के लिए 30 महीने की समयसीमा निर्धारित की गई है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्धारित समय के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

प्रस्तावित विधानसभा परिसर में मुख्य विधानसभा भवन, विधायकों के आवास, 800 लोगों की क्षमता वाला सभागार और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह परियोजना असम के संस्थागत विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया कि परियोजना की वास्तुकला, निर्माण गुणवत्ता और समग्र स्वरूप एक प्रगतिशील असम की आकांक्षाओं तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा को प्रतिबिंबित करे। उन्होंने कहा कि विधानसभा परिसर राज्य की जनता की लोकतांत्रिक आकांक्षाओं के अनुरूप होना चाहिए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने खानिकर बहुउद्देशीय खेल परियोजना के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित एजेंसी को उच्च गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजना पूरी करने का निर्देश दिया।

युवा प्रतिभाओं को विकसित करने में आधुनिक खेल बुनियादी ढांचे के महत्व पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग से इस परियोजना को अत्याधुनिक खेल परिसर के रूप में विकसित करने को कहा। उन्होंने कहा कि यह परिसर असम के लिए एक स्थायी संपत्ति साबित होना चाहिए, जहां भावी पीढ़ियों के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण लेने, अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर मिल सकें।

निरीक्षण के दौरान विधायक तरंग गोगोई, प्रशांत फूकन और संजय किसान के अलावा लोक निर्माण विभाग के विशेष आयुक्त एवं विशेष सचिव राज चक्रवर्ती तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश