home page

(अपडेट) जुबीन गर्ग की पहली पुण्यतिथि पर असम भाजपा का राज्यव्यापी रक्तदान अभियान

 | 
(अपडेट) जुबीन गर्ग की पहली पुण्यतिथि पर असम भाजपा का राज्यव्यापी रक्तदान अभियान


गुवाहाटी, 19 सितंबर (हि.स.)। असम के लोकप्रिय कलाकार जुबीन गर्ग की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की असम प्रदेश इकाई ने शनिवार को राज्यभर में रक्तदान शिविर आयोजित कर उन्हें मानवीय सेवा के माध्यम से श्रद्धांजलि दी। इस अभियान के तहत राज्यभर में कुल 1,869 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।

गुवाहाटी के बशिष्ठ स्थित भाजपा असम प्रदेश मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित रक्तदान शिविर में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने स्वयं रक्तदान किया। उन्होंने लोगों से जुबीन को केवल उनके गीतों के माध्यम से याद करने के बजाय मानव सेवा के जरिए उनकी स्मृति को जीवंत रखने का आह्वान किया।

भाजपा असम प्रदेश के प्रवक्ता मानस सरनिया ने बताया कि राज्य के विभिन्न स्थानों पर आयोजित रक्तदान शिविरों में कुल 1,869 यूनिट रक्त एकत्र हुआ। इनमें 116 यूनिट रक्त अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित शिविर से मिला।

असम सरकार के मंत्री अशोक सिंघल और बिमल बोरा ने भी रक्तदान किया। भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने शिविरों में भाग लेकर जुबीन गर्ग को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने इस पहल के आयोजन के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया का आभार जताया। जुबीन गर्ग के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि कलाकार के रूप में जुबीन की असम को लेकर एक विशिष्ट सोच थी और राज्य के सांस्कृतिक तथा सामाजिक जीवन में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।

डॉ. सरमा ने कहा कि असम के लोगों के प्रति जुबीन गर्ग का गहरा प्रेम उन्हें हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रखेगा। राज्यव्यापी रक्तदान अभियान के जरिए उनकी स्मृति को मानव सेवा और जीवन बचाने के संकल्प से जोड़ा गया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश