home page

इम्फाल पश्चिम में यूएनएलएफ (पी) उग्रवादी गिरफ्तार, मोबाइल फोन बरामद

 | 
इम्फाल पश्चिम में यूएनएलएफ (पी) उग्रवादी गिरफ्तार, मोबाइल फोन बरामद


इम्फाल, 26 मार्च (हि.स.)। मणिपुर के इम्फाल पश्चिम जिले में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन यूएनएलएफ (पी) के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।

गिरफ्तारी 25 मार्च को पाटसोई थाना क्षेत्र के पाटसोई इलाके में विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियान के दौरान की गई। गिरफ्तार उग्रवादी की पहचान असीम सुभाष मैतेई उर्फ लिंगजेलखोम्बा (30) के रूप में हुई है। वह केशामथोंग होदम लीराक का मूल निवासी है और वर्तमान में पाटसोई पार्ट-2 आवांग लेइकाई में रह रहा था।

अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने तलाशी ली, जिसमें आरोपित के पास से एक मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया गया। अधिकारियों के अनुसार, इस मोबाइल फोन से उसके नेटवर्क, संपर्कों और संभावित गतिविधियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।

उल्लेखनीय है कि यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (प्रोग्रेसिव) यानी यूएनएलएफ (पी) मणिपुर में सक्रिय उग्रवादी संगठनों में शामिल है। सुरक्षा एजेंसियां इसके नेटवर्क को ध्वस्त करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं।

मामले में आगे की जांच जारी है, ताकि आरोपित की भूमिका और अन्य उग्रवादियों से उसके संभावित संबंधों का पता लगाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश