विश्व पर्यावरण दिवस पर युवाओं और विद्यार्थियों की अनूठी पहल
गुवाहाटी, 05 जून, (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को असम भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सरकारी विभागों से लेकर गैर-सरकारी संगठनों तक सभी पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए अलग-अलग गतिविधियों का संचालन कर रहे हैं।
इसी क्रम में कुछ युवाओं ने प्रकृति प्रेम का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया है। केवल पौधरोपण तक सीमित न रहकर ये युवा वर्षभर पौधों की देखभाल और संरक्षण का कार्य कर रहे हैं। डिगबोई के टिंगराई वन क्षेत्र के आसपास विभिन्न स्थानों पर लगाए गए पौधों का नियमित रूप से पालन-पोषण कर वे पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शा रहे हैं।
वहीं, तामारहाट हाथीधुरा के विद्यार्थियों ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक अभिनव अभियान चलाया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए छात्र-छात्राएं कक्षाओं से निकलकर राष्ट्रीय राजमार्ग-127 (बी) पर पहुंचे और सुबह से ही यात्रियों को पौधे वितरित किए।
हाथीधुरा वन विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में विद्यालय के विद्यार्थियों ने हजारों पौधों का वितरण किया। विद्यालय में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित करने के बाद छात्र-छात्राएं हाथों में पौधे लेकर राजमार्ग पर पहुंचे और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले यात्रियों ने विद्यार्थियों की पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना की सराहना की। लोगों ने इस पहल को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश देते हैं।
उधर, विश्व पर्यावरण दिवस की सुबह डिगबोई के युवा भी अपने द्वारा लगाए गए पौधों की देखभाल में जुटे दिखाई दिए। पौधों के संरक्षण और हरित वातावरण के निर्माण के लिए उनका यह सतत प्रयास क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण की मिसाल बन रहा है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

