home page

केंद्रीय राज्य मंत्री पटेल ने सियांग जिले के अपने दौरे में कई क्षेत्रों का किया निरीक्षण

 | 

इटानगर, 13 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने अरुणाचल प्रदेश के सियांग जिले के अपने दौरे के दूसरे दिन आज रेंगो और लिलेंग गांवों का दौरा किया।

सियांग जिले के अपने दो दिवसीय आधिकारिक दौरे के दूसरे दिन, भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने जमीनी स्तर पर कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और आवश्यक सार्वजनिक सेवाओं की उपलब्धता का जायजा लेने के लिए रेंगो और लिलेंग गांवों का दौरा किया।

इस दौरे के दौरान उनके साथ सियांग जिले के उपायुक्त तायी टैग्गू, पुलिस अधीक्षक कामदम सिकोम और संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी मौजूद थे। दौरे की शुरुआत रेंगो गांव के आंगनवाड़ी केंद्र से हुई, जहां मंत्री ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और लाभार्थियों से बातचीत की। उन्होंने केंद्र के कामकाज और महिलाओं तथा बच्चों को दी जा रही सेवाओं का जायजा लिया।

'एक पेड़ मां के नाम' पहल के तहत, मंत्री ने आंगनवाड़ी केंद्र में वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक भागीदारी के महत्व पर जोर दिया।

उन्होंने बच्चों और स्थानीय निवासियों से भी बातचीत की और जमीनी स्तर पर पोषण, स्वास्थ्य देखभाल तथा बच्चों की शुरुआती देखभाल (अर्ली चाइल्डहुड केयर) सेवाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाने के महत्व को रेखांकित किया।

इसके बाद, मंत्री ने रेंगो गांव में 'जल जीवन मिशन' के तहत चल रही जलापूर्ति परियोजना का निरीक्षण किया। साथ ही, उन्होंने लिलेंग गांव का दौरा कर 'जल जीवन मिशन' के अंतर्गत घरों में दिए गए नल कनेक्शनों की कार्यप्रणाली की जांच की।

सियांग जिले में घरों तक नल से पानी पहुंचाने की व्यवस्था 100% क्रियाशील है, जो हर घर तक सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल पहुंचाने की दिशा में जिले के प्रयासों को दर्शाती है। मंत्री ने जमीनी स्तर पर सेवाओं की पहुंच को मजबूत करने के लिए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के प्रयासों की सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी