राभा दिवस पर कलागुरू को केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल की श्रद्धांजलि
गुवाहाटी, 20 जून (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने राभा दिवस के अवसर पर महान सांस्कृतिक पुरोधा बिष्णु प्रसाद राभा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी अमर रचनाएं और सांस्कृतिक चेतना असमिया समाज को पीढ़ी-दर-पीढ़ी प्रेरित और मार्गदर्शन करती रही हैं।
सोनोवाल ने अपने संदेश में कहा कि कलागुरू की आभा और उनके विचार असम के राष्ट्रीय जीवन को सदैव आलोकित करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि कला, संस्कृति, साहित्य, संगीत और सामाजिक जीवन के क्षेत्र में कलागुरू का योगदान अतुलनीय है तथा उन्हें असम की सांस्कृतिक चेतना के अग्रदूत के रूप में सदैव याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सब्यसाची विष्णुप्रसाद राभा ने अपनी कला और सृजनशीलता के माध्यम से असम की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दी। साथ ही उन्होंने असमिया समाज को आत्मसम्मान और सांस्कृतिक जागरूकता की नई दिशा दिखाई।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कलागुरू की सांस्कृतिक सोच और रचनात्मक कार्य आज भी नई पीढ़ी को प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कलागुरू की स्मृतियां और उनके आदर्श असम के जनजीवन में सदैव अमिट बने रहेंगे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

