फेडरेशन एवं यूनियन ने राज्य सरकार का जताया आभार
इटानगर, 13 जून (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश ट्रेड यूनियन फेडरेशन और ऑल अरुणाचल प्रदेश वर्कर्स यूनियन ने मुख्यमंत्री पेमा खांडू के नेतृत्व वाली राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने उनकी मांगों को मानते हुए राज्य के विभिन्न सरकारी विभागों में कैजुअल/कंटीन्जेंसी आधार पर काम करने वाले कर्मचारियों का सारा बकाया वेतन जारी कर दिया है।
आज अरुणाचल प्रेस क्लब में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए फेडरेशन के महासचिव केनकर योमचा ने बताया कि वेतन मंजूर न होने के कारण विभिन्न विभागों में लगभग 4,000 कर्मचारियों का वेतन कई महीनों से बकाया था। लेकिन 12 जून को राज्य सरकार ने उनकी मांगों पर कार्रवाई करते हुए सारा बकाया वेतन जारी कर इस मामले को सुलझा लिया।
इसलिए हम राज्य सरकार के बहुत आभारी हैं। हम सभी कर्मचारियों की ओर से राज्य सरकार, विशेषकर मुख्यमंत्री पेमा खांडू, मुख्य सचिव और इस मुद्दे को सुलझाने में पहल करने वाले अन्य अधिकारियों का तहे दिल से शुक्रिया अदा करते हैं।
योमचा ने दावा किया कि राज्य सरकार और विभाग प्रमुखों के बीच गलतफहमी के कारण कर्मचारियों का वेतन मंजूर नहीं हो पाया था। इसके परिणामस्वरूप हजारों कर्मचारियों को कई महीनों से वेतन नहीं मिला और कुछ कर्मचारी तो आठ से नौ महीनों से वेतन का इंतजार कर रहे थे। उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इसके अलावा, योमचा ने उस हड़ताल को भी वापस ले लिया है, जिसे उन्होने अपनी मांगों के समर्थन में 20 जून से शुरू करने की घोषणा की थी।
उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि यूनियन असली कर्मचारियों की पहचान करने में राज्य सरकार की मदद करेगी, क्योंकि 4,000 कर्मचारियों में से कई कर्मचारी अवैध हो सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

