यूसीसी पारित होने का असम भाजपा ने किया स्वागत
गुवाहाटी, 27 मई, (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने असम विधानसभा के 16वें सत्र के अंतिम दिन बुधवार को समान नागरिक संहिता (यूसीसी)-2026 विधेयक पारित होने पर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के प्रति आभार व्यक्त किया है। भाजपा मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन से जारी बयान में पार्टी प्रवक्ता डॉ. देवजीत महंत ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष ने इस ऐतिहासिक विधेयक को कानून का रूप देने में भूमिका निभाने वाले 102 एनडीए विधायकों को भी बधाई दी है।
दिलीप सैकिया ने कहा कि असम की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति में महिलाओं की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि यूसीसी लागू होने से महिला सशक्तिकरण के अभियान को नई दिशा मिलेगी और राज्य के विकास को मजबूती प्राप्त होगी।
कांग्रेस के विरोध पर निराशा जताते हुए सैकिया ने आरोप लगाया कि महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण से जुड़े “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” का विरोध कर कांग्रेस ने एक बार फिर अपनी महिला विरोधी मानसिकता को उजागर किया है। उन्होंने कहा कि यह कानून समानता, सामाजिक न्याय और आधुनिक कानूनी व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने आदिवासी और जनजातीय समुदायों की संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों की रक्षा के लिए पर्याप्त सुरक्षा प्रावधान सुनिश्चित किए हैं। सैकिया के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में असम ने संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और प्रगतिशील सुधारों की दिशा में एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

