home page

सरकार को 15 दिन का अल्टीमेटम देना गलत

 | 

इटानगर, 03 जून (हि.स.)। अरुणाचल प्रेदश के पूर्व मंत्री बिदा टाकू ने बुधवार को अरुणाचल क्रिश्चियन फोरम (एसीएफ) द्वारा अरुणाचल प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम (एपीएफआरए), 1978 के तहत नियमों को बनाने और अधिसूचित करने की प्रक्रिया को तत्काल रोकने की मांग करते हुए राज्य सरकार को 15 दिनों का अल्टीमेटम देने पर सवाल उठाया और कहा एसीएफ इस मुद्दे पर ईसाई धर्मावलंबियों के बीच भ्रम पैदा कर रहा है।

आज अरुणाचल प्रेस क्लब में मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए बिदा टाकू ने राज्य में अरुणाचल प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम (एपीएफआरए) 1978 के नियमों के कार्यान्वयन पर चिंता व्यक्त की और कहा कि किसी भी अंतिम निर्णय से पहले इस मामले पर व्यापक जन परामर्श और सभी हितधारकों के बीच गहन चर्चा की आवश्यकता है। उन्होंने राज्य सरकार से इस मामले पर रचनात्मक संवाद को सुविधाजनक बनाने के लिए 10 दिन की मोहलत देने का आग्रह किया।

उन्होंने दावा किया कि अरुणाचल क्रिश्चियन फोरम (एसीएफ) द्वारा राज्य सरकार को इस मुद्दे पर दिया गया 15 दिन का अल्टीमेटम तकनीकी रूप से गलत है, क्योंकि एसीएफ इस पर ठीक से काम करने में विफल रहा है और एपीएफआरए 1978 की वास्तविक खामियों को इंगित करने या उचित सलाह देने में विफल रहा है, जो ईसाई समुदाय को प्रभावित कर सकती हैं।

उनका दावा है कि वास्तव में राज्य का ईसाई समुदाय एपीएफआरए 1978 को पूरी तरह से निरस्त करने की मांग कर रहा है, लेकिन एसीएफ की निरस्त के बजाये उनकी मांगें बदलती रही हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एसीएफ की मांग या शिकायतों के अनुसार, राज्य सरकार ने स्वदेशी मामलों के विभाग के मंत्री मामा नाटुंग के स्थान पर उच्चाधिकार समिति (एचपीसी) के अध्यक्ष को एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश से बदल दिया है। जब राज्य का ईसाई समुदाय एपीएफआरए 1978 को पूरी तरह से निरस्त करने की मांग कर रहा है, तो एसीएफ ने एचपीसी के अध्यक्ष, गुवाहाटी उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश ब्रोजेंद्र प्रसाद कटाके को मसौदा नियमों के लिए क्यों आमंत्रित किया? एसीएफ के सदस्य एपीएफआरए मसौदा नियमों पर चर्चा के लिए बैठक में क्यों शामिल हुए? एसीएफ वास्तव में क्या चाहता है? एपीएफआरए की उन सभी दोषपूर्ण बातों को सुधारने के बजाय, जो ईसाई समुदाय को प्रभावित कर सकती हैं, ईसाई समुदाय में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी