यूसीएफ ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
इटानगर, 20 अप्रैल (हि.स.)। यूनाइटेड क्रिश्चियन फोरम (यूसीएफ) ने अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू को एक खुला पत्र लिखकर ईसाइयों के विरूद्ध होने वाले हिंसा और हमलों पर चिंता व्यक्त की है।
सोमवार को अरुणाचल प्रेस क्लब में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यूसीएफ के राष्ट्रीय समन्वयक एसी माइकल ने दावा किया कि उनके सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार ईसाई समुदाय पर हमले और हिंसा की घटनाएं हो रही हैं। हालांकि, इस संबंध में पत्रकारों द्वारा पुलिस थानों में दर्ज मामले के संबंध में पूछे गये सवाल के जवाब में माइकल ने कोई डाटा उपलब्ध नहीं होने की बात कही।
यूसीएफ ने मुख्यमंत्री पेमा खांडू से आग्रह किया कि वे इस मुद्दे को राज्य की सीमाओं से परे देखें और संवैधानिक अधिकारों, विशेष रूप से धर्म की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए आवाज़ उठाएं।
माइकल ने कथित तौर पर अपने संगठन द्वारा एकत्र किये तथ्यों का आधार बनाते हुए आंकड़े तो प्रस्तुत किये, हालांकि इस संबंध में औपचारिक सरकारी दस्तावेजी आधार बताने में वे विफल रहे। यूसीएफ हेल्पलाइन के अपने आंकड़ों का हवाला देते हुए माइकल ने अपनी बातों को पुष्ट करने की कोशिश की। थानों में शिकायतें क्यों दर्ज नहीं हुई, इसका उन्होंने कोई उत्तर नही दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

