कछार में बड़ी कार्रवाई: दो ड्रग तस्कर गिरफ्तार, 8.5 करोड़ की हेरोइन बरामद
सिलचर (असम), 28 जुलाई (हि.स.)। कछार जिले के धोलाई थाना अंतर्गत लैलापुर पुलिस चौकी की टीम ने भितर लैलापुर स्थित फॉरेस्ट गेट के पास छापेमारी कर दो संदिग्ध मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कमरुल इस्लाम मजूमदार और मोनिर उद्दीन लस्कर के रूप में हुई है।
पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी के दौरान आरोपितों के कब्जे से हेरोइन से भरे पांच साबुनदानी (कुल 85.81 ग्राम) तथा 41 छोटे प्लास्टिक कंटेनरों में एक ग्राम हेरोइन बरामद की। इसके अलावा 341.6 ग्राम गांजा, 53 पैकेट (1,060 नग) बर्मी सिगरेट और 1,620 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार, बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 8 से 8.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार दोनों आरोपितों को जब्त मादक पदार्थों और अन्य सामान के साथ धोलाई थाने लाया गया है, जहां उनके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

