home page

भारतीय क्रिकेट टीम के दो स्टार खिलाड़ियों ने लिया मां कामाख्या का आशीर्वाद

 | 
भारतीय क्रिकेट टीम के दो स्टार खिलाड़ियों ने लिया मां कामाख्या का आशीर्वाद


भारतीय क्रिकेट टीम के दो स्टार खिलाड़ियों ने लिया मां कामाख्या का आशीर्वाद


गुवाहाटी, 06 अप्रैल (हि.स.)। शक्तिपीठ कामाख्या मंदिर में सोमवार को भारतीय क्रिकेट टीम के दो स्टार खिलाड़ी रोहित शर्मा और तिलक वर्मा मां का आशीर्वाद लेने पहुंचे। दोनों खिलाड़ियों ने देवी के चरणों में विशेष पूजा-अर्चना कर आगामी मैच के लिए सफलता की कामना की।

मंदिर परिसर में खिलाड़ियों की मौजूदगी को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच दोनों क्रिकेटरों ने भक्तिभाव के साथ दर्शन किए। इस दौरान मंदिर के बाहर प्रशंसकों की भीड़ भी देखी गई, जो अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आए।

उल्लेखनीय है कि गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का एक महत्वपूर्ण मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच के लिए मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स की टीमें पहले ही शहर में पहुंच चुकी हैं और अभ्यास में जुटी हुई हैं।

मैच से पहले रोहित शर्मा और तिलक वर्मा का मंदिर जाकर पूजा करना चर्चा का विषय बना हुआ है। खेल से पहले इस तरह आध्यात्मिक आशीर्वाद लेने की परंपरा को खिलाड़ी मानसिक मजबूती और सकारात्मक ऊर्जा से जोड़कर देखते हैं।

अब क्रिकेट प्रेमियों की नजरें मंगलवार को होने वाले इस मुकाबले पर टिकी हैं, जहां दोनों टीमें जीत के लिए पूरा जोर लगाएंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर