गुवाहाटी में दो शातिर चेन स्नैचर गिरफ्तार, महिला को 100 मीटर तक घसीटा था
गुवाहाटी, 12 अक्टूबर (हि.स.)। गुवाहाटी में महिलाओं के गले से चेन छीनने की घटनाओं में शामिल दो कथित शातिर चेन स्नैचरों को वशिष्ठ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान प्रशांत बोरा उर्फ मेला और राहुल दास के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा आज दी गई जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपितों ने 5 अक्टूबर को बेहारबाड़ी और काहिलीपाड़ा इलाकों में चेन छीनने की घटनाओं को अंजाम दिया था। इस दौरान एक महिला के गले से चेन छीनने के बाद उसे करीब 100 मीटर तक घसीटने का आरोप है।
मामले की जांच के दौरान वशिष्ठ पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने उनके कब्जे से एक मोबाइल फोन, चोरी की एक स्कूटी और कथित तौर पर चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री बरामद की है।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। साथ ही, गिरफ्तार आरोपितों की अन्य आपराधिक घटनाओं में संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

