home page

अरुणाचल बाढ़ः प्रभावित इलाके में मेडिकल टीमें तैनात

 | 

इटानगर, 26 जून (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के केयी पैन्योर ज़िले में लगातार बारिश के बाद भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ से प्रभावित और घायल लोगों को आपतकालिन इलाज देने के लिए दो मेडिकल टीमें तैनात की गईं। अधिकारियों के अनुसार,कल उन लोगों की मदद के लिए टीमें भेजी गईं जो 24 जून को हुए भूस्खलन में घायल हो गए थे या जिनकी हड्डियां टूट गई थीं।

नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एनडीआरएफ) की एक टीम में एक डॉक्टर, एक ड्रेसर, दो नर्सिंग असिस्टेंट और चार अन्य कर्मचारी शामिल हैं, जबकि युपिया के ज़िला मेडिकल विभाग की दूसरी टीम में एक डॉक्टर और एक ड्रेसर शामिल हैं।

यह तैनाती उन खबरों के बाद की गई है जिनमें बताया गया था कि केयी पैन्योर ज़िले में एक स्टोन क्रशर प्लांट के पास फंसे कई मज़दूरों को उनके कैंप पर भूस्खलन होने के कारण फ्रैक्चर और सिर में चोटें आईं। गाड़ियों के आने-जाने लायक रास्ता न होने और मुश्किल इलाके के कारण बचाव और मेडिकल कर्मियों को पैदल ही उस जगह तक पहुंचना पड़ा।

इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि पूरे इलाके में सड़क संपर्क अभी भी बाधित है। पोटिन-होज सड़क और पोसा-पोटिन का हिस्सा बंद है, जबकि पिटापूल-पिथ-ओम्पोली (सागाली)- टोरू- होज- इटानगर रूट भी भूस्खलन के कारण बंद है।

अधिकारियों की रिपोर्ट के अनुसार, कुल 54 घर (108 रिहायशी यूनिट) प्रभावित हुए हैं। इनमें से 30 घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए या बह गए। निपको कॉलोनी में 350 लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं पोसा और पिटापूल इलाके में 10 घर पूरी तरह से और 14 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी