विस्फोट में एक बच्चा समेत दो की मौत, एक घायल
जोरहाट (असम), 28 मार्च (हि.स.)। जोरहाट जिला शहर मुख्यालय के निकट आज संदिग्ध विस्फोट होने की वजह से एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक सात साल की लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। विधानसभा चुनावों के बीच हुए विस्फोट के चलते सनसनी फैल गयी है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जोरहाट जिला शहर के राजा मैदाम न्यू कॉलोनी में स्थित एक लोहे लक्कड़ की कबाड़ी की दुकान में विस्फोट होने की वजह से एक बच्चे और एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान नूर मोहम्मद के रूप में की गई है। जबकि बच्चे की पहचान मोहम्मद इकबाल के रूप में की गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने दोनों शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल भेज दिया है।
इस हादसे में घायल एक सात साल की बच्ची जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है। पुलिस इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर विस्फोट किस तरह से हुआ इसका पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / असरार अंसारी

