मणिपुर में अलग-अलग अभियानों में दो उग्रवादी कैडर गिरफ्तार
इंफाल, 22 अगस्त (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग अभियानों में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के दो सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने आज बताया कि दोनों गिरफ्तारियां 21 अगस्त को की गईं।
मोरेह थाना पुलिस और 36वीं असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने केवाईकेएल के सक्रिय कैडर और स्वयंभू कैप्टन चोंगथाम लुखोई उर्फ राकेश (45) को गिरफ्तार किया। उसे तेंगनौपाल जिले के मोरेह शहर में गेट नंबर-2 के पास से पकड़ा गया। वह काकचिंग जिले के सेक्माइजिन खोइदुम का रहने वाला है।
एक अन्य अभियान में इंफाल पूर्व की सीडीओ टीम ने 31वीं असम राइफल्स के साथ मिलकर विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर केसीपी (एमएफएल) के सक्रिय सदस्य लैशराम मंगलेम्बा मैतेई उर्फ चेयरेंलकपा (45) को गिरफ्तार किया। उसे इंफाल पूर्वी जिले के संगकफाम बाजार से पकड़ा गया। वह काकचिंग जिले के काकचिंग फौसुपत का निवासी है।
दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

