सिलचर में 1.08 करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
कछार (असम), 11 अप्रैल (हि.स.)। मादक पदार्थों की तस्करी के संबंध में विश्वसनीय सूचना के आधार पर शनिवार सुबह कछार जिला मुख्यालय सिलचर के बरिकनगर पार्ट-2 के पास एक अभियान चलाया गया, जिसमें दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जुबेद अहमद लस्कर, निवासी दक्षिण मोहनपुर, सोनाई तथा बुरहान उद्दीन, निवासी धोलाई मोलाई पार्ट-1, काटलीछड़ा, जिला हैलाकांदी के रूप में हुई है। दोनों मोटरसाइकिल से सिलचर की ओर आ रहे थे, तभी उन्हें पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान उनके पास से 19 साबुनदानी में छिपाकर रखी गई कुल 216 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की गई। इसके अलावा दो मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल (एएस-24ई-9884) और 500 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि बरामद सभी सामान को एनडीपीएस अधिनियम के तहत विधिसम्मत तरीके से जब्त किया गया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 1.08 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

