सिलचर रेलवे स्टेशन पर हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
कछार (असम), 11 मई, (हि.स.)। असम के सिलचर रेलवे स्टेशन इलाके में पुलिस ने अभियान चलाकर हेरोइन के साथ दो कथित मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई गई है।
कछार जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय से आज जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 10:30 बजे विश्वसनीय सूचना मिली थी कि कुछ लोग सिलचर-रंगिया ट्रेन से एनडीपीएस प्रतिबंधित पदार्थ लेकर यात्रा करने वाले हैं। सूचना के आधार पर सिलचर रेलवे स्टेशन के द्वितीय गेट, अन्नपूर्णा पेट्रोल पंप के समीप विशेष जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में लिया। जांच के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बक्तार उद्दीन लस्कर (45) और रंजना बेगम लस्कर (40) के रूप में की गई है। दोनों कछार जिले के धोलाई थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
तलाशी के दौरान आरोपितों के कब्जे से पांच साबुनदानी में छिपाकर रखा गया 52 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद किया गया। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर जब्त सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सिलचर थाना लाया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

